Agency:एजेंसियां
Last Updated:
जापान के फुकुओका शहर में HKT48 थिएटर वाले कॉम्प्लेक्स में चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए. पुलिस ने 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच हत्या के प्रयास के रूप में की जा रही है. अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी और ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच अटैक के बाद यह हमला देखा गया है.

दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पब्लिक स्पेस को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया के बाद अब जापान में भी हिंसक हमला सामने आया है. जापान में एक शख्स ने चाकूबाजी की, जिसमें दो लोग बुरी तरह घायल हो गए. इन तीनों घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सार्वजनिक जगहें अब वैश्विक स्तर पर सॉफ्ट टारगेट बनती जा रही हैं. इन हमलों की तुलना पहलगाम जैसे नरसंहार से भी हो रही है, जहां आम नागरिकों को उनके धर्म के नाम पर पाकिस्तानी आतंकियोंने निशाा बनाया था.
जापान में भी हुआ हमला
सोमवार को जापान के फुकुओका शहर से भी हिंसा की खबर आई है. जापान के दक्षिणी शहर फुकुओका में एक एंटरटेनमेंट कॉम्प्लेक्स में चाकूबाजी की घटना ने देश को चौंका दिया है. यह कॉम्प्लेक्स लोकप्रिय महिला पॉप म्यूजिक ग्रुप HKT48 के थिएटर के लिए जाना जाता है. जापानी पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में एक 30 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर दो लोगों पर चाकू से हमला करने का आरोप है. दोनों घायलों की हालत गंभीर नहीं बताई गई है, लेकिन मामले की जांच हत्या के प्रयास के तौर पर की जा रही है.
जापान हमला कैसे हुआ?
फुकुओका पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार को हुई जब आरोपी ने कथित तौर पर किचन नाइफ जैसे हथियार से एक 44 वर्षीय व्यक्ति के सीने में वार किया. पीड़ित HKT48 थिएटर से जुड़ा कर्मचारी बताया जा रहा है. जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला तब हुआ जब कर्मचारी ने आरोपी को कॉम्प्लेक्स के एक ऐसे हिस्से में देखा, जहां उसे जाने की इजाजत नहीं थी और उसे वहां से जाने के लिए कहा. इतना ही नहीं, आरोपी ने उसी कॉम्प्लेक्स के एलिवेटर हॉल में एक 27 वर्षीय महिला की पीठ में भी चाकू मार दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गया. हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने फिलहाल हमले के पीछे के मकसद को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है और दूसरे हमले पर भी आधिकारिक तौर पर टिप्पणी से इनकार किया है.
जापान में इस तरह के मामले क्यों हैं दुर्लभ?
घटना के बाद HKT48 प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों से रविवार रात को होने वाला फैन इवेंट रद्द कर दिया. इस हमले ने जापान में सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है. गौरतलब है कि जापान में हिंसक अपराध बेहद दुर्लभ माने जाते हैं, खासकर इसलिए क्योंकि यहां दुनिया के सबसे सख्त बंदूक कानून लागू हैं. इसके बावजूद हाल के वर्षों में चाकू से हमले और घर में बनाए गए विस्फोटकों से जुड़े कुछ हाई-प्रोफाइल मामले सामने आए हैं
अमेरिकी यूनिवर्सिटी में भी हुआ हमला
शनिवार को अमेरिका के रोड आइलैंड स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी में फाइनल एग्जाम के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हुए. घंटों तक कैंपस लॉकडाउन रहा और पुलिस ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन हमलावर पकड़ा नहीं गया. एक 24 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उसे ‘पर्सन ऑफ इंटरेस्ट’ बताते हुए छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. अब तक हमले के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर हमला
इसके अगले ही दिन ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच पर यहूदी त्योहार हनुक्का के दौरान भीषण आतंकी हमला हुआ. पाकिस्तान के रहने वाले एक बाप-बेटे ने बीच पर गोलीबारी की, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए. यह हमला 1996 के बाद ऑस्ट्रेलिया की सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी माना जा रहा है. इस घटना ने ऑस्ट्रेलिया में यहूदी विरोधी हिंसा और कट्टरपंथ को लेकर बहस तेज कर दी है.
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें
December 15, 2025, 11:01 IST





