Last Updated:
टोरंटो में दो दिनों के भीतर दो भारतीय नागरिकों की हत्या हो गई. ताजा मामले में भारतीय पीएचडी छात्र शिवांक अवस्थी को यूनिवर्सिटी के पास गोली मार दी गई. इससे पहले एक भारतीय महिला की हत्या हुई थी. दोनों मामलों में आरोपी फरार हैं, जिससे भारतीय समुदाय में डर और चिंता बढ़ गई है.
टोरंटो में दो भारतीयों की हत्या हुई है.कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरी हो गई है. सिर्फ दो दिनों के भीतर दो भारतीयों की हत्या ने न केवल स्थानीय भारतीय समुदाय को झकझोर दिया है, बल्कि कनाडा में पढ़ाई और काम कर रहे हजारों भारतीय छात्रों और प्रवासियों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है. ताजा मामला यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबोरो कैंपस के पास का है, जहां 20 वर्षीय भारतीय पीएचडी छात्र शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. टोरंटो पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार 23 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 3:34 बजे हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्सटन रोड इलाके में हुई.
इस साल टोरंटो की 41वीं हत्या
पुलिस को ‘अनजान डिस्ट्रेस’ की कॉल मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने एक युवक को गंभीर हालत में पाया. जांच में सामने आया कि उसे गोली मारी गई थी और उसे घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. सुरक्षा कारणों से यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो कैंपस को कुछ समय के लिए लॉकडाउन किया गया, जिससे छात्रों और स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यह हत्या 2025 में टोरंटो की 41वीं हत्या है, जो शहर में बढ़ते अपराध को लेकर भी सवाल खड़े करती है.
भारतीय महिला की हुई थी हत्या
इस दर्दनाक घटना पर टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरा शोक जताया है. दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा कि वह शिवांक अवस्थी के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव मदद की जा रही है. दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि वह जांच एजेंसियों के लगातार संपर्क में है. यह मामला इसलिए भी ज्यादा चिंता पैदा कर रहा है क्योंकि यह घटना दो दिन पहले हुई एक और भारतीय नागरिक की हत्या के बाद सामने आई है. इससे पहले टोरंटो में 30 वर्षीय भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की हत्या कर दी गई थी.
उस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान तो कर ली है, लेकिन वह अब भी फरार है. पुलिस के अनुसार, वह मामला कथित तौर पर करीबी संबंधों से जुड़ी हिंसा यानी इंटीमेट पार्टनर वायलेंस से जुड़ा हुआ था.
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें
December 26, 2025, 07:55 IST





