Last Updated:
‘वो स्त्री है कुछ भी कर सकती है…’ स्री फिल्म का यह डायलॉग किसी महिला के असाधारण काम, हिम्मत और जुनून को बहुत ही सहजता से प्रदर्शित करता है. बॉलीवुड सुपरस्टार की एक्ट्रेस पत्नी ने निजी जिंदगी में ऐसा ही कुछ कारनामा किया. डायरेक्टर-प्रोड्यूसर के सामने हाथ जोड़े और अपने पति की जिंदगी की पर फिल्म बनाने का कई बार विनम्र अनुरोध किया. जब यह फिल्म बनकर पर्दे पर आई तो रिलीज होते ही ब्लॉकबस्टर निकली. फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 500 करोड़ से ज्यादा की कमाई की. वो एक्ट्रेस कौन है, और वो मूवी कौन सी थी, आइये जानते हैं.

2018 में आई एक बायोग्राफिकल फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. इस फिल्म में एक सुपरस्टार की निजी जिंदगी के कई पहलुओं को दिखाया गया था. बॉलीवुड एक्ट्रेस ने अपने सुपरस्टार पति की जिंदगी पर फिल्म बनाने के लिए प्रोड्यूसर-डायरेक्टर से बार-बार अनुरोध किया था. बात हो रही है ‘संजू’ मूवी की. 29 जून 2018 को रिलीज हुई इस मूवी में रणबीर कपूर, परेश रावल, विकी कौशल, मनीषा कोइराला, दीया मिर्जा, सोनम कपूर और अनुष्का शर्मा नजर आई थीं.

संजू मूवी का डायरेक्शन राजकुमार हिरानी ने किया था. बॉक्स ऑफिस पर वो सबसे सफल फिल्म बनाने के लिए जाने जाते हैं. राजकुमार हिरानी मुन्ना भाई एमबीबीएमस, लगे रहे मुन्ना भाई थ्री इडियट्स और पीके जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बना चुके हैं. फिल्म में संजय दत्त की पूरी जिंदगी को दिखाया गया है. फिल्म का बजट 96 करोड़ का रखा गया था. इस फिल्म ने भारत में 300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 500 करोड़ से ज्यादा कमाई की थी. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. यह 2018 की सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाली फिल्म थी.

बात 2006 के आसपास की है. राजकुमार हिरानी और संजय दत्त की दो मूवी ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस और लगे रहो मुन्ना भाई’ की सफलता का स्वाद चख चुके थे. हिरानी अब ‘मुन्ना भाई चले अमेरिका’ फिल्म की कहानी पर काम रहे थे. इसी बीच जुलाई 2007 में 1993 के बम धमाकों के केस में संजय दत्त को लेकर कोर्ट का फैसला आ गया. कोर्ट ने संजय दत्त को आर्म्स एक्ट के मामले में 6 साल की सजा सुनाई. फिर तो संजय दत्त का जेल आना-जाना शुरू हो गया. संजय दत्त जेल से बाहर आकर फिल्में कर रहे थे. हिरानी ने भी ‘मुन्ना भाई चले अमेरिका’ फिल्म को बनाने का आइडिया ड्रॉप कर दिया.

समय तेजी से गुजरता रहा. साल 2013 में सुप्रीम कोर्ट ने संजय दत्त को आर्म्स एक्ट के मामले में 5 साल की सजा सुनाई. संजय दत्त को सुप्रीम कोर्ट ने सरेंडर करने के लिए एक माह का समय दिया. 21 मई, 2013 से संजय दत्त पुणे की यरवदा जेल में गए. संजय पीके फिल्म की शूटिंग पूरी करके जेल गए थे. जेल जाने के बाद राजकुमार हिरानी उनकी पत्नी मान्यता दत्त से एक-दो बार अनौपचारिक रूप से मिलने उनके घर गए.

इस दौरान मान्यता दत्त ने उन्हें संजय दत्त के ऊपर फिल्म बनाने का सुझाव दिया. शुरुआत में हिरानी ने इस आइडिया को खारिज कर दिया. जब मानयता दत्त ने संजय दत्त की जिंदगी से जुड़े कुछ रोचक किस्से हिरानी को बताए तो उन्होंने कहा कि वो फिल्म बना सकते हैं अगर संजू बाबा अपनी जिंदगी से जुड़े राज शेयर करने के लिए तैयार हो जाएं. संजय दत्त जब पैरोल पर जेल से बहार आए तो राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी उनसे मिलने पहुंचे. इस दौरान संजय दत्त ने उन्हें अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कुछ बेहद ही दिलचस्प किस्से सुनाए.

फिर तो अगले 25 दिन तक हिरानी और अजिताभ जोशी उनके घर जाते रहे. संजय दत्त के द्वारा बताए गए किस्सों को रिकॉर्ड किया. फिर राजकुमार हिरानी को लगा कि संजू बाबा की जिंदगी पर फिल्म बन सकती है. हिरानी ने एक शर्त जरूर रखी थी कि वो संजय दत्त की जिंदगी की रियल्टी सामने रखेंगे. इमेज को क्लीन नहीं करेंगे. फिल्म बनने के बाद कोई भी सीन वो मूवी से नहीं हटाएंगे. संजू बाबा के सहमत हो जाने पर फिल्म बनाने की प्लानिंग हुई.

हिरानी और अजिताभ जोशी ने जब विधु विनोद चोपड़ा को संजय दत्त की जिंदगी पर फिल्म बनाने का आइडिया सुनाया तो उन्होंने खारिज कर दिया लेकिन जब दोनों ने एक्टर की जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्से सुनाए तो वो मान गए. 750 पेज की एक लंबी-चौड़ी स्क्रिप्ट तैयार की गई. बाद में पिता-पुत्र के बीच रिश्ते, ड्रग एडिक्शन, दोस्त की कहानी, संजय दत्त की जेल की दर्दनाक जिंदगी जैसे भावनात्मक किस्सों को फिल्म में रखने का फैसला किया गया. फिल्म में इमोशन पर बहुत जोर दिया गया.

राजकुमार हिरानी ने रणबीर कपूर को संजय दत्त के किरदार के लिए फाइनल किया. रोल बहुत चैलेंजिंग था. संजय दत्त जैसा लुक पाने के लिए तीन माह तक तैयारी की. सुनील दत्त का किरदार परेश रावल ने निभाया था. नरगिस का किरदार मनीषा कोइराला ने निभाया था. संजय दत्त के गुजराती दोस्त परेश घेलानी के रोल में विकी कौशल नजर आए थे. ‘संजू’ में उनका नाम ‘कमली’ रखा गया.
September 17, 2025, 18:46 IST





