पेड प्रीव्यू शो 18 मार्च को होंगे. मुंबई में इन पेड प्रीव्यू टिकटों की कीमतें आसमान छू रही हैं, लेकिन फैंस इसके लिए भी तैयार हैं. फिल्म को देखने के लिए लोग टिकट बुक करा रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर के लगभग सभी थिएटर बुक हो चुके हैं और क्लासिक, प्राइम, एग्जीक्यूटिव और वीआईपी सेक्शन सब बुक हैं.
मुंबई में 3100 रुपये पहुंची टिकटों की कीमत
फिल्म के प्रति दर्शकों के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुंबई के एक सिनेमाघर में पेड प्रीव्यू शो के टिकट की कीमत 3,100 रुपये तक पहुंच गई है. कुछ दिन पहले जब पेड प्रीव्यू के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हुई थी तो सबसे महंगे टिकट की कीमत 2,000 रुपये थी. लेकिन बढ़ती मांग के चलते कीमतों में लगातार उछाल देखने को मिला और टिकट 2,500 से 2,900 रुपये के बीच बिकने लगे. अब मुंबई के बोरीवली स्थित इनॉक्स मेगाप्लेक्स में ये टिकट 3,100 रुपये में बेचे जा रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि इतनी ऊंची कीमत होने के बावजूद शो तेजी से फुल हो रहे हैं.
फैंस महंगे टिकट भी खरीद रहे हैं.
एडवांस बुकिंग ने किए रिकॉर्ड पार
फिल्म की एडवांस बुकिंग ने पहले ही कमाल के आंकड़े छू लिए हैं. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, धुरंधर 2 ने अब तक ब्लॉक सीटों को छोड़कर लगभग 13.75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 19.46 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का अनुमान है कि अकेले पेड प्रीव्यू से ही यह फिल्म 25 से 30 करोड़ रुपये के बीच का आंकड़ा आसानी से पार कर सकती है.
क्या तोड़ेगी 1000 करोड़ का आंकड़ा?
आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म का पहला भाग धुरंधर पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुआ था और उसने भारत में ही लगभग 835 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था, जिससे वह हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी.अब दूसरे भाग से पहले भाग के आंकड़ों को पार करने की उम्मीद की जा रही है. यह देखना दिलचस्प होगा कि रणवीर सिंह की यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक आंकड़े को छू पाती है या नहीं.
धुरंधर 2 हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी रिलीज होगी. हालांकि, तेलुगू भाषी बाजार में इसे उस्ताद भगत सिंह जैसी बड़ी फिल्म से टक्कर मिलना तय है, जो इसी दिन रिलीज हो रही है.





