वायनाड के मुल्लनकोली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंचायत सदस्य जोस नेल्लेडम ने शुक्रवार को कथित तौर पर जहर खाकर और अपनी कलाई काटकर आत्महत्या कर ली. उनका शव घर के पास तालाब में मिला. एक वीडियो सामने आया है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि झूठे आरोप लगाकर उन्हें निशाना बनाया गया और उनके बच्चों का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है.
इससे पहले, कांग्रेस के पूर्व ज़िला कोषाध्यक्ष एनएम विजयन और उनके बेटे ने कर्ज़ के बोझ से आत्महत्या कर ली थी. परिवार का आरोप है कि विजयन ने पार्टी की ज़रूरतों के लिए कर्ज़ लिया था, लेकिन कांग्रेस ने वादा करने के बावजूद अब तक कर्ज़ नहीं चुकाया. परिवार पर अब भी दो करोड़ रुपये से अधिक का बोझ है.
कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन ने कहा कि विजयन की मौत पर पार्टी की जांच चल रही है. उन्होंने कहा, ‘जांच पूरी होने के बाद ही पैसा दिया जाएगा. जांच के दौरान पार्टी भुगतान कैसे कर सकती है?’
दूसरी ओर, सीपीएम ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा है कि पार्टी आंतरिक कलह में उलझी है. केरल के मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि ‘कांग्रेस आज हत्या, आत्महत्या के लिए उकसाने, हिंसक घटनाओं और घोटालों का पर्याय बन चुकी है.’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर लगे यौन शोषण के आरोपों को ढकने की कोशिश की जा रही है और जो लोग आलोचना करते हैं, उन्हें साइबर हमलों का शिकार बनाया जाता है.
वायनाड में कांग्रेस के भीतर जारी संकट और आत्महत्याओं के सिलसिले ने पार्टी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. प्रियंका गांधी की मौजूदगी में उठे ये सवाल कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं.





